प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान को पूरा करने के लिए हिमाचल की एक पंचायत ने अनोखा फरमान जारी किया है। इसके तहत जिन लोगों के घरों में शौचालय नहीं है। उन्हें डिपुओं से मिलने वाला सस्ता राशन बंद कर दिया जाएगा।
यह ऐलान स्वच्छता अभियान में जुटी चंबा जिला की तीसा पंचायत ने किया है। शौचालय निर्माण के लिए पंचायत ने 28 फरवरी तक का समय सभी ग्रामीणों को दिया है।
मार्च माह में वार्ड सदस्य घरों का निरीक्षण करेंगे और इसकी रिपोर्ट पंचायत को सौंपी जाएगी। इसके बाद पंचायत आगामी कार्रवाई कर खाद्य आपूर्ति विभाग से शौचालय न बनाने वाले परिवारों को सस्ता राशन न देने का आह्वान करेगी।
शौचालयों का होगा निरीक्षण
शनिवार को तीसा पंचायत में प्रधान शांता कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया है। बैठक में पंचायत के चार वार्ड के सदस्य व सचिव अली मोहम्मद मौजूद रहे।
बैठक में एसडीएम के निर्देशानुसार स्वच्छता अभियान के बारे में चर्चा की गई। पंचायत के प्रधान ने बैठक के दौरान सभी वार्ड सदस्यों को निर्देश दिए कि वे अपने वार्ड में जाकर सभी घरों में शौचालयों का निरीक्षण करें।
28 फरवरी तक सभी घरों में शौचालय का निर्माण करवाना निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि जिन घरों में शौचालय का निर्माण नहीं किया है उनकी सूची तैयार की जाए।
अगर 28 फरवरी तक इन घरों में शौचालय का निर्माण नहीं किया जाता है, तो इन परिवारों को दिए जाने वाला डिपो का राशन बंद किया जाएगा।
इसके चलते उन्होंने बताया कि एसडीएम के निर्देशानुसार हर घर में शौचालयों का निर्माण होना अनिवार्य है। इस दौरान देश राज, चुनी लाल, मान सिंह, अशोक कुमार, दलीप सिंह समेत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भी शामिल रहे।