पाकिस्तान का रॉक बैंड ऐतिहासिक गेयटी थियेटर में कार्यक्रम पेश करेगा। 16 अप्रैल को ‘द रागा ब्वॉयज’ रॉक बैंड यहां पॉप म्यूजिक इवनिंग में सुर और ताल से दिलों के तार झनझनाएंगे।
भारत और पाक में सांस्कृतिक आदान-प्रदान की कड़ी में यह शाम होगी। शिमला के अलावा जालंधर, पटियाला और चंडीगढ़ में भी रॉक बैंड को प्रस्तुति के लिए बुलाया गया है।
‘द रागा ब्वॉयज’ पटियाला घराने से हैं। यह पाकिस्तान के तीन भाइयों का एक बैंड है। ये पटियाला घराने से संबंध रखते हैं। पटियाला घराना महाराजा भूपिंद्र सिंह के दरबार गायक कालूजी से संबंधित है।
उस्ताद जनरल अली बख्श, उस्ताद बड़े फतेह अली खान इस घराने के बडे़ गायक रह चुके हैं। इसी घराने में आगे उस्ताद आशिक अली खान, उस्ताद अख्तर हुसैन खान सहिद दूसरे बड़े गायक हुए। इसी परिवार में ‘द रागा ब्वॉयज’ 9वीं पीढ़ी हैं।
2006 में बनाया था बैंड
इनमें सबसे बडे़ भाई नायब अली क्लासिकल एवं सेमी क्लासिकल गायक हैं। वे ईश्वर प्रदत्त स्वरों के लिए जाने जाते हैं। वली हामिद अली अगले गायक हैं। वह बैंड के लीड लोकेलिस्ट हैं।
इसके अलावा पॉप और सेमी क्लासिकल गायक हैं। तीनों भाइयों में सबसे युवा इनाम अली हार्ड कोर क्लासिकल गायक हैं।
यह बैंड 2006 में बनाया गया था। ‘द रागा ब्वॉयज’ नाम उनके पिता उस्ताद हामिद अली खान ने दिया। यह बैंड लंदन, न्यू यार्क, सिडनी, चीन, सऊदी अरब में कार्यक्रम दे चुका है।