ढली सब्जी मंडी में पहुंची सीजन के पहली आलू की खेप
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
राजधानी की ढली सब्जी मंडी में पहाड़ी आलू ने दस्तक दे दी है। शुरुआत में किसानों को 20 से 25 रुपये प्रति किलो दाम मिले। गुरुवार को ढली सब्जी मंडी में ठियोग क्षेत्र से 10 से 12 बोरी आलू की खेप पहुंची। हालांकि गत वर्ष के मुकाबले किसानों को आलू के कम दाम मिले हैं। इसकी वजह से किसान मायूस हैं।
किसानों का कहना है कि गत वर्ष ढली सब्जी मंडी में पहाड़ी आलू की बिक्री शुरुआत में 25 से 35 रुपये हुई थी। इस बार 20 से 25 रुपये प्रति किलो बिका। इस बार आलू की फसल अच्छी है। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में आवक बढ़ने के साथ अच्छे दाम मिलेंगे। वहीं आढ़तियों का कहना है कि इस बार मंडी में पहाड़ी आलू अच्छी गुणवत्ता वाला है। आने वाले दिनों में टुटू और मशोबरा से फसल पहुंचनी शुरू हो जाएगी।
सब्जी मंडी आढ़ती एसोसिएशन के सचिव बिट्टू वर्मा ने बताया कि सब्जी मंडी में इन दिनों फूलगोभी, मटर और बीन की खेप पहुंच रही है। अब दो दिनों से मंडी में पहाड़ी आलू की फसल पहुंचनी शुरू हो गई है। अभी आलू ठियोग क्षेत्र से ही आया है। आने वाले दिनों में अन्य क्षेत्रों से भी इसकी सप्लाई शुरू हो जाएगी।