हिमाचल की नजरें आज पेश होने वाले रेल बजट पर टिकीं हैं। प्रदेश की पांच रेल लाइनों के लिए बजट मिलने की उम्मीद है। जहां नंगल-तलवाड़ा, भानुपल्ली-बिलासपुर और चंडीगढ़-बद्दी रेल लाइनों के लिए केंद्रीय रेल मंत्री सुरेश प्रभु नए बजट का प्रावधान कर सकते हैं, वहीं सामरिक महत्व के प्रस्तावित रेल मार्ग मनाली-लेह पर भी कोई फैसला ले सकते हैं। शिमला-कालका रेल लाइन के लिए भी टॉय ट्रेनों की संख्या को बढ़ाया जा सकता है।
हाल ही में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने केंद्रीय रेल मंत्री सुरेश प्रभु को पत्र भी भेजा है। इसमें उन्होंने मांग की है कि प्रदेश में प्रस्तावित और लंबित रेल परियोजनाओं को सिरे चढ़ाया जाएगा। इसके लिए पर्याप्त बजट व्यवस्था की जाए। भानुपल्ली-बिलासपुर
और चंडीगढ़-बद्दी रेल लाइनों को बनाने के लिए केंद्र सरकार ने हिमाचल को 50 प्रतिशत बजट खुद खर्च करने को कहा है। नंगल-तलवाड़ा रेल मार्ग को बनाने का खर्च खुद रेलवे मंत्रालय ही उठा रहा है। यह अंब तक बनी है। हिमाचल सरकार को उम्मीद है कि इसे तलवाड़ा तक बनाने के लिए रेल मंत्री आवश्यक बजट व्यवस्था के अतिरिक्त जरूरी निर्देश भी देंगे।