उन्होंने कहा कि यह पहली बार हुआ है कि किसी सरकार का दूसरा सर्वोच्च पदाधिकारी मुख्यमंत्री की छवि को मंच से ही इस तरह ध्वस्त करता दिखाई दिया। इससे स्पष्ट है कि कांग्रेस सरकार की नाव भीतर ही भीतर हिचकोले खा रही है और नेतृत्व पूरी तरह विभाजित है। इसी के साथ प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने मुकेश अग्निहोत्री को मैन ऑफ द मैच बताकर इस अराजक बयानबाजी को मानो प्रमाणिकता दे दी। रणधीर शर्मा ने कहा कि उप मुख्यमंत्री का वह बयान कि अफसरों से रात के अंधेरे में निपट लेंगे, रगड़कर रख देंगे, नेस्तनाबूद कर देंगे... वाला बयान हिमाचल की गरिमामयी परंपरा और लोकतांत्रिक संस्कृति पर सीधा हमला है।
उन्होंने कहा कि ऐसी भाषा न केवल राजनीतिक मर्यादाओं को तोड़ती है, बल्कि पूरे प्रशासनिक ढांचे को डराने और दबाव में लाने का प्रयास भी है। रणधीर शर्मा ने कहा कि जश्न मनाने के लिए उपलब्धि चाहिए, और कांग्रेस सरकार के पास उपलब्धियों की जगह विफलताओं का पहाड़ है। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस रैली में असली कांग्रेस कार्यकर्ता बहुत कम दिखे, जबकि सरकारी कर्मचारी, लाभार्थी और विभिन्न विभागों के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि यह रैली जनसमर्थन का नहीं, बल्कि सरकारी दबाव, सरकारी वाहनों और सरकारी तंत्र से जुटाई गई भीड़ का उदाहरण थी।