सेवानिवृत्त मुख्य सचिव पी. मित्रा को अब राज्य चुनाव आयुक्त बनाया गया है।
- फोटो : अमर उजाला
सेवानिवृत्त मुख्य सचिव पी. मित्रा ने राज्य चुनाव आयुक्त के पद पर ज्वाइनिंग दी। नई नियुक्ति पर उन्होंने कहा कि अभी वे नए काम को समझ ही रहे हैं। लाहौल स्पीति जिले में पंचायत चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। इसको देख रहे हैं और कुछ नहीं कहेंगे।
पूर्व डीजीपी आईडी भंडारी के आरोपों पर मित्रा केवल इतना ही बोले- कुछ न कहना ही सबसे अच्छा है। पी. मित्रा मुख्य सचिव के पद से 31 मई को रिटायर हुए हैं।
सेवानिवृत्ति के साथ ही उन्हें राज्य चुनाव आयुक्त के रूप में नियुक्ति मिल गई है। इससे पूर्व इस पद पर पूर्व आईएएस अधिकारी टीजी नेगी तैनात थे।
टीजी नेगी ने भी संभाला पदभार
टीजी नेगी को मुख्यमंत्री का प्रधान सलाहकार नियुक्त किया गया है।
- फोटो : अमर उजाला
टीजी नेगी को मुख्यमंत्री का प्रधान सलाहकार नियुक्त करने के बाद ये पद रिक्त हो गया था। बुधवार को ही टीजी नेगी ने भी प्रधान सलाहकार मुख्यमंत्री के पद पर ज्वाइनिंग दे दी। टीजी नेगी पूर्व अतिरिक्त मुख्य सचिव वीसी फारका के पास रहे कार्यभार को देखेंगे।
ये मालूम रहे कि पिछली वीरभद्र सरकार के कार्यकाल में टीजी नेगी प्रधान सचिव मुख्यमंत्री रह चुके हैं। उन्होंने ये माना कि उनके लिए इस तरह का काम नया नहीं है। उनका इस पद का पुराना अनुभव है। नेगी ने इस बारे में अधिक कमेंट करने से इंकार किया।
छुट्टी पर गए चौधरी दंपति का काम चार अफसरों को दिया
आईएएस विनीत चौधरी।
- फोटो : अमर उजाला
आईएएस चौधरी दंपति के छुट्टी पर जाने के बाद अब चार अफसरों को उनके विभागों का कार्यभार दिया गया है। चौधरी दंपति को मुख्य सचिव की नई नियुक्ति से खफा माना जा रहा है। नए मुख्य सचिव वीसी फारका ने बुधवार को अधिसूचना जारी कर इन अधिकारियों के विभाग चार आईएएस अधिकारियों को दिए हैं।
विनीत चौधरी के पास स्वास्थ्य महकमा रहा है, जिसे अब प्रबोध सक्सेना देखेंगे। इसी तरह से उपमा चौधरी के पास फिशरीज, कृषि और पशुपालन विभाग रहे हैं। अब संजय गुप्ता को फिशरीज, अनुराधा ठाकुर को कृषि और ओंकार चंद शर्मा को पशुपालन विभाग की फिलहाल जिम्मेवारी दी गई है। विनीत चौधरी और उपमा चौधरी एक जून से अवकाश पर निकले हैं।
दोनों ही अधिकारी वीसी फारका से वरिष्ठ हैं। इनमें विनीत चौधरी मुख्य सचिव पद के प्रमुख दावेदार रहे हैं। विनीत चौधरी पूर्व में कई बार सरकार में अपनी अनदेखी पर नाराजगी जता चुके हैं और अब वे वीसी फारका को सीएस तैनात करने के बाद अवकाश पर चले गए हैं। विनीत चौधरी के साथ उनकी पत्नी उपमा चौधरी भी छुट्टी पर चली गई हैं।