स्थायी नीति बनाने की मांग को लेकर बुधवार को सैकड़ों आउटसोर्स कर्मचारियों ने विधानसभा के बाहर प्रदर्शन किया। राजधानी शिमला के ओल्ड बस स्टैंड से लेकर विधानसभा गेट तक रैली निकालते हुए कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को पांच सूत्रीय मांग पत्र भी सौंपा गया।
हिमाचल प्रदेश आउटसोर्स कर्मचारी यूनियन के बैनर तले स्वास्थ्य, बिजली, आईपीएच, कृषि, खाद्य एवं आपूर्ति निगम, वन, एसएलडीसी, प्रदेश सचिवालय, वित्त, परिवहन, शिक्षा, आईजीएमसी और केएनएच सहित कई अन्य विभागों के सैकड़ों आउटसोर्स कर्मचारियों ने रैली में भाग लिया। रैली को सीटू नेता डॉ. कश्मीर ठाकुर, जगत राम, प्रेम गौतम, विजेंद्र मेहरा, हिमाचल किसान सभा महासचिव व ठियोग के विधायक राकेश सिंघा, दलीप कायथ, यूनियन अध्यक्ष
यशपाल, महासचिव नोख राम, दलीप, विरेंद्र लाल, संजय, चुनी, रजवान, नरेंद्र देष्टा, दिनेश, हिमी, रीता, हेमलता, विद्या गाजटा, सुरेंद्रा, पवन, मोहिंद्र और विपन ने संबोधित किया। प्रेम गौतम, विजेंद्र मेहरा, यशपाल, नोख राम, विरेंद्र, दलीप व मदन ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मिल कर उन्हें पांच सूत्रीय मांग पत्र सौंपा।