हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सरकाघाट की बलद्वाड़ा तहसील के तहत आने वाली सुलपुर जबोठ पंचायत ने एक अहम निर्णय लिया है। इस पंचायत के प्रतिनिधियों ने सर्वसहमति से फैसला लिया है कि पंचायत में बाहरी राज्य से आने वाला कोई भी व्यक्ति बिना कोविड टेस्ट के प्रवेश नहीं कर सकता। उसे प्रवेश करने के लिए कोविड-19 की निगेटिव रिपोर्ट दिखानी जरूरी होगी।
पंचायत के प्रधान रवि राणा ने बताया कि हिमाचल दिवस के मौके पर पंचायत ने कोरोना को लेकर एक बैठक की, जिसमें पंचायत को कोरोना से बचाने के लिए सावधानी बरतने को लेकर निर्णय लिया गया। बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों को कोविड टेस्ट की प्रकिया से गुजरना होगा। उन्होंने बताया कि इसके लिए पंचायत के सभी वार्डों की आशा वर्करों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे बाहर से आने वाले लोगों की रिपोर्ट बनाकर तुरंत पंचायत को दें, ताकि पंचायत की ओर से उनके कोविड टेस्ट करवाने का प्रबंध किया जा सके।