हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के घुमारवीं के वार्ड एक में मस्जिद की दूसरी मंजिल के निर्माण कार्य को लेकर संवेदना संस्था के सवाल उठाने के बाद नगर परिषद घुमारवीं ने कार्रवाई शुरू कर दी है। नगर परिषद ने बिजली बोर्ड और जल शक्ति विभाग को मस्जिद में बिजली-पानी के नए कनेक्शन न देने और पुराने कनेक्शन को भी काटने के आदेश जारी किए हैं। हालांकि, इन आदेशों पर अमल करने से पहले नगर परिषद ने मस्जिद कमेटी को अपना पक्ष रखने के लिए 15 दिन का समय दिया है। अगर 15 दिन में मस्जिद कमेटी निर्माण कार्य पर जवाब नहीं दे पाई या मस्जिद द्वारा दिया गया जवाब असंतोष जनक पाया गया तो आदेशों के मुताबिक बिजली, पानी कनेक्शन काटा जाएगा।