भाजपा सह मीडिया प्रभारी करण नंदा ने कहा कि कांग्रेस अपनी 10 गारंटियों से पलटने की पूरी कोशिश कर रही है। इसका प्रमाण यह है की अब तो कांग्रेस पार्टी जगह-जगह से अपनी 10 गारंटियों के होर्डिंग को हटाने के कार्य में लग गई है। कांग्रेस ने धरातल पर जाकर वॉल राइटिंग का कार्यक्रम भी किया था, जिसमें उन्होंने अपनी 10 गारंटियों का प्रमुखता से उल्लेख भी किया था। पर अब उनको शायद लग रहा है कि यह गारंटियों पूरी नहीं हो सकेगी इसलिए उन वॉल राइटिंग को भी मिटाया जा रहा है।
बुधवार को शिमला से जारी बयान में करण नंदा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेता यह याद रखें कि अगर उन्होंने झूठी गारंटियों के दम पर सत्ता को हासिल किया है तो सत्ता से बाहर भी यही गारंटी इनको भेजेंगी। कांग्रेस 10 गारंटियों के प्रमाण को दीवारों से मिटाने में लगे हैं तो क्या यह गारंटियां लोगों की याददाश्त से भी हट जाएंगी, ऐसा तो संभव नहीं है।
कांग्रेस पार्टी के नेता कहते थे कि मंडी में बन रहे शिवधाम के लिए भाजपा की सरकार ने कोई पैसा आवंटित नहीं किया, पर अब एडीबी ने भी हिमाचल प्रदेश को 1311 करोड़ रुपये दे दिए हैं और इस राशि के अंदर शिवधाम के लिए भी पैसा आवंटित हो गया है। इसलिए उनका कांग्रेस पार्टी के नेताओं से विनम्र निवेदन है कि शिव धाम का कार्य जल्दी शुरू करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत भी जितनी भी डीपीआर हिमाचल प्रदेश की सरकार केंद्र को बनाकर भेज रही है। केंद्र सरकार इसे तुरंत प्रभाव से स्वीकृत कर रही है।