प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने प्रदेश सरकार के बस भाड़े में 25 प्रतिशत की वृद्धि के फैसले को पूरी तरह जनविरोधी बताया है। कोविड-19 के नाम पर देश-प्रदेश के लोगों से यह लूट दुर्भाग्यपूर्ण है। राठौर ने शनिवार को शिमला में कहा कि प्रदेश में जयराम सरकार लोगों के साथ बड़ा अन्याय कर रही है। प्रदेश में कोविड-19 के चलते सरकार ने लोगों को कोई भी राहत प्रदान नहीं की है। एक तरफ बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी से लोग परेशान हैं, दूसरी तरफ सरकार अपने खजाने को भरने में लगी है।
प्रदेशाध्यक्ष ने कहा है कि प्रदेश में बस किराये में किसी भी प्रकार की कोई भी वृद्धि नहीं की जानी चाहिए। पेट्रोल, डीजल के मूल्यों में अप्रत्याशित वृद्धि कर सरकार जो अपना खजाना भर रही है, उस खजाने से लोगों को राहत दी जानी चाहिए। प्रदेश की सीमाओं को जिस प्रकार अब पर्यटकों की आवाजाही के लिए खोल दिया है, उससे प्रदेश में कोविड 19 को लेकर लोगों में भय है।