कोरोना से एक मरीज की मौत, 22 मामले
शिमला। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) में कोरोना से पीड़ित मंडी के जोगिंद्रनगर के रहने वाले एक बुजुर्ग की मौत हो गई है। वहीं जिला शिमला में कोरोना के 22 नए मामले आए हैं।
आईजीएमसी में दाखिल 61 वर्षीय मरीज की कोविड रिपोर्ट टांडा में 21 अगस्त को पॉजिटिव आई थी। गंभीर हालत को देखते हुए 22 अगस्त को इन्हें आईजीएमसी में दाखिल किया था। मरीज डायबिटीज और किडनी से पीड़ित था। शुक्रवार को कोविड निमोनिया और कार्डियोपल्मोनरी अरेस्ट होने से सुबह के वक्त मरीज की मौत हो गई।
आईजीएमसी में मौजूदा समय में 35 मरीज दाखिल हैं। आईजीएमसी के प्रशासनिक अधिकारी डॉ. राहुल गुप्ता ने इसकी पुष्टि की है। अस्पताल में जिन मरीजों की अब तक मौत हुई है उनमें से अधिकांश को कोरोना की एक डोज लगी है और कुछ को एक भी नहीं लगी थी। शिमला शहर के साथ सटे क्षेत्र मशोबरा में सर्वाधिक तीन मामले आए हैं। आईजीएमसी, न्यू शिमला, विकासनगर और सुन्नी से एक-एक मामला आया है। ऊपरी शिमला के कोटखाई 5, रामुपर 3, चिड़गांव, रोहड़ू 2-2 खनेरी, मतियाना, कुमारसैन से एक-एक मामला आया है।