जंगल में गए एक युवक की खड्ड में डूबने से मौत, दूसरा लापता
- फोटो : संवाद
ऊना के बंगाणा की सोहारी पंचायत के ग्यारहवीं कक्षा के दो छात्रों की खड्ड में नहाने के दौरान मौत हो गई। पहचान आदविक परमार पुत्र हिमांशु परमार और सक्षम पुत्र प्रमोद कुमार के तौर पर हुई। बताया जा रहा है कि आदविक परमार की मौत पत्थर पर गिरने तो सक्षम की पानी में डूबने से हुई। पुलिस ने देर रात आदविक परमार को तलाश लिया। उस समय छात्र की सांस चल रही थी, लेकिन अस्पताल पहुंचने तक उसकी मौत हो गई। दूसरे युवक का शव बुधवार सुबह खड्ड के पानी से बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार ग्यारहवीं कक्षा के चार छात्र मंगलवार को छुट्टी होने पर घर से लगभग 500 मीटर दूरी पर टकोली खड्ड में नहाने निकले। चारों ने सेल्फी ली। नहाने के लिए करीब 50 फीट ऊंची ढांक से पानी में छलांग लगाने लगे। पहले सक्षम पुत्र प्रमोद कुमार ने ढांक से छलांग लगाई। काफी देर तक बाहर नहीं आया तो आदविक परमार उसे देखने के लिए ढांक से नीचे जाने का प्रयास करने लगा। आदविक का पैर फिसल गया और वह खड्ड किनारे एक बड़े पत्थर पर जा गिरा। आदविक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। दो अन्य छात्र मुकुंद पुत्र मनोहर लाल और आर्यन पुत्र काली दास घबरा गए और वहां से भाग गए। चारों युवक शाम लगभग छह बजे तक घर नहीं पहुंचे तो परिवार सदस्यों ने उनकी ख़ोज शुरू कर दी। इस दौरान डरे सहमे मुकुंद तथा आर्यन घर पहुंचे। परिजनों और पुलिस ने देर रात करीब 10 बजे मौके पर पहुंचकर आदविक परमार को बाहर निकाला और क्षेत्रीय अस्पताल भेजा, लेकिन उसे बचाया न जा सका।