हिमाचल प्रदेश में गत दो साल में अवैध खनन के 21,182 मामले पकड़े गए हैं। भाजपा विधायक रणधीर शर्मा के सवाल का लिखित जवाब देते हुए उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि पुलिस, उद्योग और वन विभाग के अधिकारियों की ओर से यह कार्रवाई की गई। पुलिस विभाग ने 13226, उद्योग विभाग ने 7465 और वन विभाग ने 491 मामले पकड़े हैं। जिला बिलासपुर में 1151, चंबा में 1335, हमीरपुर में 2030, कांगड़ा में 2785, नूरपुर में 1930, किन्नौर में 284, कुल्लू में 1360, लाहौल-स्पीति में 230, मंडी में 2591, शिमला में 490, सिरमौर में 2617, सोलन में 2197 और ऊना में 2182 मामले अवैध खनन के पकड़े गए।
पटवारी-कानूनगो के स्टेट कैडर की जल्द बनेगी वरिष्ठता सूची : जगत
राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने बताया कि पटवारी-कानूनगो के स्टेट कैडर की जल्द वरिष्ठता सूची तैयार की जाएगी। वरिष्ठता निर्धारण का मामला विचाराधीन है। अभी इस पर कोई निर्णय नहीं लिया गया है। भाजपा विधायक पवन कुमार काजल के सवाल का लिखित जवाब देते हुए राजस्व मंत्री ने बताया कि पटवारी और कानूनगो का संवर्ग जिला कैडर से स्टेट कैडर करने के लिए 22 फरवरी 2025 को अधिसूचना जारी की गई है। प्रदेश में भूमि की पैमाइश के लिए पूर्व में भिन्न प्रणाली प्रचलित रही है। अधिकांश जिलों में भूमि की पैमाइश की पुरानी प्रणालियां अब एक ही मीट्रिक प्रणाली में तबदील की जा रही है। जिलों में बंदोबस्त का कार्य पूरा होने के बाद भूमि की पैमाइश की इकाई एक समान हो जाएगी।