हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में बस हादसा हुआ है। सोलन से बघेटू जा रही निजी बस (एचपी-14ए4221) कंडाघाट-चायल मार्ग पर साधुपुल के पास पैरापिट तोड़ते हुए करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में चालक सहित चार लोगों की मौत हुई है। एक घायल यात्री का उपचार शिमला के आईजीएमसी में चल रहा है जबकि एक युवती सुरक्षित बच गई है।
चालक-परिचालक समेत बस में कुल छह लोग सवार थे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रारंभिक जांच में संकरी सड़क पर पास देते वक्त बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका जताई गई है। बताया जा रहा है कि यह बस शनिवार सुबह 9.15 बजे सोलन से बघेटू के लिए रवाना हुई थी। करीब 10:00 बजे यह बस सोलन से करीब 26 किलोमीटर आगे साधुपुल से दो मोड़ पीछे दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस बस को साधुपुल से करीब पांच किलोमीटर आगे बघेटू जाना था।
हादसे का पता चलते ही अफरातफरी के बीच लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया। इसी बीच पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई। घायलों को कंडाघाट अस्पताल लाया गया, जहां से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया। 50 वर्षीय व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था जबकि चालक की मौत कंडाघाट अस्पताल लाते समय हो गई।
दो की मौत आईजीएमसी शिमला में हुई है। एसपी सोलन वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। कंडाघाट के एसडीएम डॉॅ. विकास सूद ने बताया कि मृतकों के परिजनों को दस-दस हजार रुपये और घायल को पांच हजार रुपये की फौरी राहत राशि दी गई है। घायल रामा शंकर (41) निवासी बिहार का आईजीएमसी में उपचार किया जा रहा है। ममलीग की युवती बस के पहला पलटा खाते ही बाहर गिर गई थी। चोट न आने की वजह से युवती को घर भेज दिया गया है।
इनकी गई जान
मृतकों में चालक अनीश ठाकुर (28) निवासी रूडा डाकघर तुंदन कंडाघाट, लक्ष्मी प्रसाद गुप्ता (50) गांव सिरीनगर कंडाघाट, कुनाल शर्मा (30) पुत्र प्रेम चंद निवासी वाकनाघाट और संदीप (34) निवासी थाणा बड़ोह शामिल हैं।