हिमाचल प्रदेश के ऊना से चंडीगढ़ जा रही एचआरटीसी की एक बस नंगल के दड़ोली लोअर गांव के पास दुर्घटनागस्त हो गई है। हादसे में एक यात्री की मौत हो गई जबकि 14 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक सूचना के अनुसार मृतक हमीरपुर जिले के गांव टिका बाहडला का रहने वाला था। हादसे में घायल हुए लोगों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस के अनुसार हिमाचल पथ परिवहन निगम की यह बस एनएच 503 (एक्सटेंशन) पर ट्रक से टकरा गई।
बस में सवार ज्यादातर यात्री चंडीगढ़ जा रहे थे। बस ऊना जिले के हरोली से चंडीगढ़ जा रही थी। जैसे ही यह बस नंगल के दड़ोली गांव के पास पहुंची तो उसकी एक ट्रक से टक्कर हो गई। इससे बस सड़क के किनारे एक खड्ड में गिर गई।
इसके बाद बस यात्रियों में चीख पुकार मच गई। आसपास के लोगों और पुलिस ने घायलों को बस से निकाल कर अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।