जयसिंहपुर के जानकीनाथ मंदिर के पास कार अनियंत्रित होकर पहले आम के पेड़ से टकरा गई, फिर पलटती हुई बांसों से जा टकराई। हादसे के समय कार में छह युवक सवार थे, जिनमें से एक की मौत हो गई।
जयसिंहपुर के जानकीनाथ मंदिर के पास मंगलवार रात करीब साढ़े दस बजे एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के समय कार में छह युवक सवार थे, जिनमें से एक की मौत हो गई, जबकि पांच युवक घायल हुए हैं। मृतक की पहचान अभिषेक कुमार (19) पुत्र गुरुचंद सिंह गांव दसोली तहसील ज्वाली के रूप में हुई है।
विज्ञापन
घायलों की पहचान राहुल (21) पुत्र तिलक राज गांव मनियाणा तहसील नूरपुर, विनोद कुमार (17) पुत्र अमर सिंह गांव खड़ा सनियाल तहसील इंदौरा, वैभव सूद (25) पुत्र वीरेंद्र सूद गांव और डाकघर लंबागांव, राहुल कुमार (21) पुत्र बलदेव सिंह गांव सनियाल तहसील इंदौरा और अक्षय कुमार (21) पुत्र शेषपाल गांव बंदूही तहसील नूरपुर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार युवक लंबागांव में टी मेट की नौकरी कर रहे नूरपुर निवासी अक्षय कुमार से मिलने मंगलवार शाम लंबागांव आए थे। जहां से यह रात को साढ़े दस बजे के करीब वैभव सूद, जो कि अक्षय के साथ काम करता है उसकी कार में अपने दोस्तों को जयसिंहपुर घुमाने ले गए। इस दौरान रास्ते में जयसिंहपुर के जानकीनाथ मंदिर के पास इनकी कार अनियंत्रित होकर पहले आम के पेड़ से टकरा गई, फिर पलटती हुई बांसों से जा टकराई।
विज्ञापन
गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद युवक नरेंद्र उर्फ निटलू ने घायलों को अपनी गाड़ी में डालकर जयसिंहपुर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां पर अभिषेक (19) ने दम तोड़ दिया। वहीं अन्य पांचों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। लंबागांव पुलिस ने अभिषेक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पालमपुर भेज दिया है। मामले की पुष्टि डीएसपी बीडी भाटिया ने की है।