चौड़ीधार में शादी समारोह से अपने घर जा रहे परिवार की गाड़ी निहारी नाला के पास अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इसमें सुकमा देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पांच लोग गंभीर घायल हो गए।
स्थानीय ग्रामीणों ने सभी घायलों को खाई से निकाला और 108 एंबुलेंस के जरिये अस्पताल पहुंचाया। करसोग अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सभी को आईजीएमसी रेफर कर दिया है। पुलिस ने भी मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में चालक की लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है। प्रशासन ने घायलों को पांच हजार और मृतक महिला के परिजनों को 20 हजार की फौरी राहत दी है। उधर हादसे पर करसोग के विधायक हीरालाल ने शोक जताया है। हादसे के बाद शालोगी गांव में मातम पसर गया है।