बिलासपुर जिले के घुमारवीं विस क्षेत्र के तहत आने वाली पंचायत कसारू के गांव क्लोह में मधुमक्खियों ने एक ही परिवार के छह सदस्यों को डंक मार दिया है। मधुमक्खियों के डंक मारने से परिवार के एक सदस्य की मौत हो गई है, जबकि पांच अन्य बुरी तरह से घायल हो गए हैं। घायलों को उपचार के लिए घुमारवीं अस्पताल भर्ती करवाया गया है। जबकि मृतक के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह सात बजे अशोक कुमार (41) पुत्र रणजीत पटियाल अपने परिवार के साथ खेतों में काम कर रहा था। जैसे ही वह खेत में लगे एक वृक्ष से घास काटने लगा अचानक ही पेड़ पर बैठे मधुमक्खियों के झुंड ने परिवार के सदस्यों पर हमला बोल दिया। पूरा का पूरा झुंड उन पर आ बैठा।
इससे पहले वह कुछ कर पाते लाखों की तादात में मधुमक्खियों ने उन्हें डंक मारना शुरू कर दिया।
हमले के बाद खेत में चींख पुकार मच गई। हादसे में अशोक कुमार की मौत हो गई। जबकि परिवार के सदस्यों में मृतक के पिता रणजीत पटियाल उनकी पत्नी पानो देवी, मृतक की पत्नी रेणु देवी, पुत्र सूर्यांश आठ साल, भतीजे राहुल कुमार को भी मधुमक्खियों ने अपना शिकार बनाया है। घटना का पता चलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे जिसके बाद इन्हें मधुमक्खियों के चंगुल से छुड़वाया गया।
स्थानीय लोग सभी को अस्पताल लेकर घुमारवीं पहुंचे लेकिन यहां पर डॉक्टरों ने अशोक कुमार को मृत घोषित कर दिया। जबकि बाकी लोगों का उपचार घुमारवीं अस्पताल में चल रहा है। घटना का पता चलते ही घुमारवीं पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी।
पुलिस ने पोस्टमार्टम ने लिए शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भेज दिया था। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया है। डीएसपी राजेंद्र कुमार जस्वाल ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया है।