अगली ग्राम सभा में सबको चाय पिलानी होगी और साथ में स्नैक्स भी खिलाने होंगे। हिमाचल की पंचायतों में जुलाई में होने वाली वाली ग्राम सभाओं की बैठकों में हर परिवार के सदस्य को 50-50 रुपये की रिफ्रेशमेंट मिलेगी। अगर कोरम पूरा नहीं हुआ तो भी चाय और स्नैक्स परोसने होंगे। हाल ही में सरकार ने रिफ्रेशमेंट का प्रति व्यक्ति बजट 10 से 50 रुपये कर दिया है।
यह व्यवस्था हिमाचल की सभी 3226 ग्राम पंचायतों में ग्रामसभाओं में उपस्थित होने वाले 15 से 20 लाख लोगों के लिए होगी। राज्य पंचायती राज विभाग के अतिरिक्त निदेशक केवल शर्मा ने इसकी पुष्टि की है।
पंचायती राज विभाग ने सभी उपायुक्तों, जिला पंचायत अधिकारियों, जिला परिषद सचिवों, खंड विकास अधिकारियों, पंचायत समितियों के सीईओ, ग्राम पंचायत प्रधानों और सचिवों को नई व्यवस्था की जानकारी दे दी है। नए निर्देशों के अनुसार चाय और स्नैक्स को हर हाल में सर्व करना होगा। इसे ग्राम सभा की बैठक में हिस्सा लेने वाले हर सदस्य को देना होगा। इसके लिए बजट का प्रबंध पंचायत फंड से होगा।
जनवरी में नहीं हो पाई ग्राम सभा की बैठकें, जुलाई में होंगी
लोकसभा चुनाव की तैयारियों के चलते जनवरी महीने में प्रस्तावित ग्राम सभा की बैठकें हर पंचायत में नहीं हो र्पाइं। अगर कहीं हुईं भी तो भी निर्णय नहीं लिए जा सके। अब ये बैठकें जुलाई में प्रस्तावित हैं।