देर रात ठंड से बचने के लिए हीटर लगाकर सो रहा बुजुर्ग आग भड़कने से जिंदा जल गया। देर रात हीटर से अचानक आग भड़क गई। घटना का पता अगली सुबह चला। यह दर्दनाक घटना हिमाचल के जिला ऊना में सामने आई है।
यहां ऊना के रायपुर सहोड़ां गांव में एक बुजुर्ग की कमरे में जिंदा जलकर मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि कमरे में आग हीटर से लगी है। बुजुर्ग की पहचान राम कुमार मैहर के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ऊना अस्पताल भेज दिया।
एसपी अनुपम शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बुजुर्ग राम कुमार मैहर (75) रोजाना की तरह अपने अलग कमरे में बुधवार रात हीटर लगाकर सो रहा था। तापमान अधिक होने के कारण रात के समय अचानक कमरे में आग लग गई।
बुजुर्ग आग में बुरी तरह से झुलस गया। बुजुर्ग के परिजन अपने दूसरे पुश्तैनी घर में रहते हैं, जबकि राम कुमार मैहर रात में अपने अलग मकान में सोता था। वीरवार सुबह जब काफी देर तक राम मैहर अपने दूसरे घर नहीं गया तो परिजन मौके पर पहुंचे।
कमरा अंदर से बंद था। किसी तरह से सीढ़ी के रास्ते अंदर जाकर देखा तो बुजुर्ग बुरी तरह से झुलसकर दम तोड़ चुका था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए ऊना अस्पताल भेज दिया है। बुजुर्ग के पुत्र मनोज के अनुसार उनके पिता ईएमसी से सेवानिवृत्त हुए थे और कई सालों से रात को अलग मकान में सोने के लिए जाया करते थे।