भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्यतिथि गुरुवार को छोटा शिमला स्थित सद्भावना चौक पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर मनाई गई। इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल, राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार, विधायक शिमला शहरी हरीश जनारथा, महापौर नगर निगम शिमला सुरेंद्र चौहान, उपमहापौर उमा कौशल, पार्षदगण और अन्य गणमान्य अतिथियों ने पुष्पांजलि अर्पित की। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने उपस्थित सभी लोगों को अहिंसा और सहनशीलता की शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम के दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों ने देशभक्ति गीतों और भजन गायन के माध्यम से राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि सभा में अतिरिक्त उपायुक्त सचिन शर्मा, आयुक्त नगर निगम शिमला भूपेंद्र अत्री, अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा, सहायक आयुक्त देवी चंद ठाकुर सहित अन्य गणमान्य भी उपस्थित रहे जिन्होंने पुष्पांजलि अर्पित कर पूर्व प्रधानमंत्री को याद किया।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज छोटा शिमला के सद्भावना चौक पर पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस पुण्यतिथि को आतंकवाद विरोधी दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इस अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश में आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में अपने दो प्रधानमंत्री, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी को खो दिया। राजीव गांधी के अमूल्य योगदान को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने भारत में सूचना प्रौद्योगिकी क्रांति की नींव रखी, जिसने देश के तकनीकी और संचार परिदृश्य को पूरी तरह बदल दिया। उन्होंने कहा कि विकास प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व को मजबूत करने के लिए पंचायतीराज संस्थाओं और स्थानीय निकायों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया गया था। इस अवसर पर शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान, हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य निर्माण श्रमिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव कंवर, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष देवेंद्र श्याम, हिमाचल प्रदेश राज्य खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष विशाल चंब्याल, उप महापौर उमा कौशल, पार्षदगण और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे। इस दाैरान मुख्यमंत्री ने पूर्व भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। साथ ही कहा कि शहरी निकाय चुनाव में भाजपा जीत के झूठे दावे कर रही है।