विक्रमादित्य ने कहा कि प्रदेश युवा कांग्रेस मिशन-2017 की तैयारियों में जुट गया है। दावा कि आगामी विस चुनाव में कांग्रेस फिर सत्ता में आएगी।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस विधायकों और मंत्रियों के रिपोर्ट कार्ड तैयार कर हाईकमान को सौंपेगी। युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष विक्रमादित्य ने प्रेसवार्ता में कहा कि प्रदेश में जिन विधायकों की छवि जनता के बीच ठीक नहीं है, उनकी जगह नए चेहरों को मौका मिलना चाहिए।
वह इस मामले को हाईकमान के समक्ष उठाएंगे। विक्रमादित्य ने कहा कि प्रदेश युवा कांग्रेस मिशन-2017 की तैयारियों में जुट गया है। दावा कि आगामी विस चुनाव में कांग्रेस फिर सत्ता में आएगी। कहा कि मंत्रियों के विभागों को बदलना और मंत्रिमंडल में नए चेहरों को शामिल करना मुख्यमंत्री के आधार क्षेत्र में आता है। सरकार को बने 3 साल से अधिक समय हो चुका है।
ऐसे में कुछ बदलाव होना जरूरी है। आगामी विधानसभा चुनाव में युवा कांग्रेस हाईकमान से दो से चार सीटों की मांग करेगी। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को युवा कांग्रेस की मासिक बैठक हुई। इसमें सरकार व संगठन में नए चेहरों को लाने पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि जिन विधानसभा क्षेत्रों में पिछले चुनावों में पार्टी उम्मीदवार हार गए हैं, वहां पर नए चेहरों को उतारने पर भी चर्चा है।
अरुण जेतली और धूमल पर साधा निशाना
विक्रमादित्य सिंह ने केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली और नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल पर भी निशाना साधा।
विक्रमादित्य सिंह ने केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली और नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेतली के इशारों पर काम कर रहा है। केंद्र सरकार गैर भाजपा राज्य सरकारों को अस्थिर करने का प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री व उनके परिवार के खिलाफ सीबीआई व ईडी की ओर से मामले बनाए गए। उन्होंने कहा कि न्यायालय में ईडी ने बताया कि जो कार्य उसे 6 माह में करना था, वह उसने मात्र 3 दिन में किया। इससे साफ है कि ईडी राजनीति इशारों पर काम कर रहा है।
उन्होंने कहा नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल बार बार विधानसभा चुनाव को लेकर बयानबाजी कर रहे हैं। जब से हिमाचल में पंचायत, जिला परिषद और धर्मशाला नगर निगम के चुनाव परिणाम आए हैं, तब से उनकी बोलती बंद है।
मंडी में होगा युवा कांग्रेस का महासम्मेलन
युवा कांग्रेस का 22 मई को मंडी के पड्डल मैदान में महासम्मेलन होगा। इसमें युवा पंचायत प्रतिनिधियों व अन्य लोगों को बुलाया जाएगा। सम्मेलन के लिए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को भी न्योता दिया गया है, लेकिन उन्होंने अभी तक अपनी सहमति नहीं दी है।
इस सम्मेलन में सीएम सहित प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व को भी बुलाया जाएगा। युवा कांग्रेस हिमाचल में आप के द्वार कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है। यह कार्यक्रम 12 मई से शुरू होगा। हमीरपुर से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में वह 12 से 20 मई के बीच हमीरपुर संसदीय क्षेत्र का दौरा करेंगे।