कोविड-19 के कारण प्रदेश के जिन ईसीएचएस लाभार्थियों के कार्ड प्रिंट नहीं हो पाए हैं, उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं। ईसीएचएस सेंट्रल आर्गेनाइजेशन ने इन कार्डों को आवेदन करने के बाद मिली अस्थायी स्लिप को 30 जून से बढ़ाकर 31 दिसंबर 2020 तक वैध कर दिया है। किसी पॅालीक्लीनिक के प्रभारी की ओर से पूर्व में इस स्लिप पर किए गए हस्ताक्षर 31 दिसंबर तक वैध होंगे। इसके लिए लाभार्थियों को पॉलीक्लीनिक आने की जरूरत नहीं है।
कोविड-19 से पूर्व अधिकतर लाभार्थियों कार्ड के लिए आवेदन किया था। कार्ड बनने तक उन्हें एक अस्थायी स्लिप इलाज करवाने के लिए दी गई थी। कोविड-19 के कारण कार्ड प्रिंट नहीं हो पाए और पूर्व में दी गई स्लिप की वैधता 30 जून तक ही थी। वैधता बढ़ाने के लिए लाभार्थी पॉलीक्लीनिक के चक्कर काट रहे हैं। इन्हें राहत देते हुए स्लिप की वैधता को 31 दिसंबर तक बढ़ा दिया गया है। ईसीएचएस पॉलीक्लीनिक हमीरपुर प्रभारी कर्नल कृष्ण चंद ने कहा कि पूर्व की ही स्लिप वैध होगी। इसकी तिथि 31 दिसंबर कर दी गई है।