मां चिंतपूर्णी मंदिर में आने वाले श्रद्धालु की सुविधा के लिए प्रशासन की ओर से लगातार नई व्यवस्थाओं का प्रबंध किया जा रहा है। इससे जहां मंदिर की आय में वृद्धि हो रही है, वहीं श्रद्धालुओं के लिए मां चिंतपूर्णी के दर्शन करना सुगम हो गया है। अब श्रद्धालु माता रानी के वर्चुअल दर्शन भी कर सकेंगे। यह नई सुविधा बाबा श्री माईदास सदन में शुरू की गई है। जहां आने वाले श्रद्धालुओं की आंखों के आगे वीआर हेडसेट लगाया जाएगा। इसके बाद उन्हें मंदिर की आरती के साथ भोग और मंदिर की सारी गतिविधियों को साढ़े सात मिनट के वीडियो में दिखाया और सुनाया जाएगा। वीआर हेडसेट लगाने के बाद श्रद्धालु को माता रानी के दर्शनों का वीडियो देखकर अलग ही अनुभूति होगी। जैसा मानो वे सच में ही माता रानी के मंदिर में खड़े होकर दर्शन कर रहे हों। इसके लिए हर श्रद्धालु को 101 रुपये खर्च करने होंगे। खास बात यह है चिंतपूर्णी प्रदेश का पहला ऐसा मंदिर है, जहां इस प्रकार की सुविधा शुरू की गई है।
मां चिंतपूर्णी दरबार से लाखों लोगों की आस्था जुड़ी हुई है। इसलिए वहां पर भक्तों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाता है। इसके लिए नई व्यवस्थाओं को लागू किया गया है। वीआर हेडसेट से वर्चुअल दर्शन भी इसी कड़ी का हिस्सा है। उम्मीद है कि नई सुविधा से लोग बेहतरीन अनुभव लेकर मां के दरबार से लौटेंगे।-राघव शर्मा, उपायुक्त, ऊना