उड़ान योजना के तहत लोगों को शिमला से दिल्ली सस्ती हवाई सेवाएं मुहैया कराने वाली एयर इंडिया कंपनी अब लोगों को टिकट खरीदने की मशक्कत को कम करने जा रही है। एयर इंडिया शिमला के रिज मैदान के पास एक बुकिंग काउंटर खोलेगी।
जहां सुबह दस से शाम पांच बजे तक टिकट बुक हो सकेंगे। इस बुकिंग आफिस को लेकर कंपनी और हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के बीच बातचीत अंतिम दौर में है। आने वाले समय में जो लोग ऑनलाइन टिकटों की बुकिंग नहीं कर सकते, उन्हें टिकट बुक कराने के लिए जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
एयर इंडिया के स्टेशन मैनेजर गुलशन मेहता ने बताया कि अभी तक मई और जून की अधिकतर सीटों के लिए टिकट बुक हो चुके हैं। इसमें दिल्ली से आने वाली फ्लाइट के लिए लोग सब्सिडी वाली सीटों के अलावा भी सामान्य सीटों के लिए बुकिंग करा रहे हैं।