संजौली, छोटा शिमला और न्यू शिमला जोन के अधिकतर इलाकों में रोज होगी सप्लाई
41.78 एमएलडी मिला शहर को पानी
लो वोल्टेज से चौड़ा मैदान में अभी तीसरे दिन सप्लाई
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी में कड़ाके की ठंड के बीच पानी की राशनिंग के कारण परेेेशानी झेल रहे शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। पेयजल कंपनी शहर के कई इलाकों में अब रोज सप्लाई देगी। शहर के तीन जोन में लोगों को रोज पानी मिलना शुरू भी हो गया है।
शहर के संजौली जोन, छोटा शिमला और न्यू शिमला जोन के ज्यादातर इलाकों में अब रोज पानी की सप्लाई दी जाएगी। इसके लिए कंपनी ने सप्लाई की टाइमिंग में आधे घंटे की कटौती की है। लेकिन रोज पानी आने से लोगों को राहत मिलेगी। संजौली जोन के संजौली बाजार, इंजनघर, सांगटी, नवबहार, ढींगूधार, छोटा शिमला जोन के निगम विहार, छोटा शिमला बाजार, कसुम्पटी, देवनगर, विकासनगर, न्यू शिमला जोन के सेक्टर एक से चार, कंगनाधार, बीसीएस इलाके में रोज पानी की सप्लाई शुरू कर दी है।
वीकेंड पर शनिवार को भी इन तीनों जोन के सभी इलाकों में पानी की आपूर्ति दी है। सभी परियोजनाओं से शनिवार को 41.78 एमएलडी पानी की सप्लाई मिली है। शुक्रवार को करीब 44 एमएलडी पानी शहर को मिला था।
छुट्टियों और सैलानियों की
आमद घटने से घटी खपत
शहर में बीते दो हफ्ते से सैलानियों की आवाजाही में भारी गिरावट आई है। इससे होटलों में पानी की खपत घटी है। इसके अलावा छुट्टियों के चलते शहर से हजारों लोग गांव चले गए हैं। ऐसे में पानी की मांग कम हो गई है।
चौड़ा मैदान और सेंट्रल
जोन में लग रहा कट
शहर के चौड़ा मैदान और सेंट्रल जोन के कई इलाकों में अभी पानी की राशनिंग जारी है। इन इलाकों में अभी तीसरे दिन ही पानी मिलेगा। पेयजल कंपनी के अनुसार गिरि और गुम्मा पेयजल परियोजनाओं में लो वोल्टेज के कारण पंपिंग नहीं बढ़ पा रही है। इसके चलते इन दो जोन में तीसरे दिन पानी आ रहा है। इन क्षेत्रों में तीसरे दिन सप्लाई का शेड्यूल भी नहीं बन पा रहा है। कभी सुबह तो कभी शाम को पानी आ रहा है। कंपनी का कहना है कि पंपिंग बढ़ते ही इन इलाकों में भी नियमित सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।