दो साल में विपक्ष के नहीं हुए काम, भाजपा करेगी प्राथमिकता बैठकों का बहिष्कार
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा तीन और चार फरवरी को होने वाली विधायक प्राथमिकता बैठक का बहिष्कार करेगी। पिछले दो सालों में पार्टी के विधायकों की ओर से बताए गए किसी भी काम को सुक्खू सरकार ने प्राथमिकता नहीं दी है। उलटा सरकार की ओर से विधायकों को विभिन्न प्रकार से प्रताड़ित किया जा रहा है। प्राथमिकता बैठक में भाजपा के विधायक अपने कामों के बारे में बताते हैं, लेकिन सरकार उन्हें बिल्कुल भी प्राथमिकता नहीं देती है। जयराम ने कहा कि भाजपा विधायकों और नेताओं को फर्जी केसों में फंसाकर परेशान किया जा रहा है। विधायकों को पुलिस जांच के नाम पर 8-8 घंटे थाने में बिठाकर प्रताड़ित किया जा रहा है।
रविवार को जारी बयान में जयराम ने कहा कि चुने हुए विधायकों के बजाय जनता की ओर से नकारे और हारे हुए कांग्रेस नेताओं को तवज्जो दी जा रही है। जब विधायक प्राथमिकता बैठक में भाजपा के विधायकों की ओर से बताई गई प्राथमिकताओं को सुक्खू सरकार ने सुनना ही नहीं है तो बैठक का क्या औचित्य है। इसीलिए भाजपा आगामी विधायक प्राथमिकता बैठक का बहिष्कार कर रही है। कहा कि पूर्व सरकार की ओर से शुरू किए कार्य जो वर्तमान में पूर्ण हो रहे हैं, उनके उद्घाटन के कार्यक्रमों में भी भारतीय जनता पार्टी के चुने हुए प्रतिनिधियों की उपेक्षा की जा रही है। उन्हें उद्घाटन के कार्यक्रमों तक में नहीं बुलाया जा रहा है। उद्घाटन पट्टिका में भी उनका नाम नहीं लिखे जा रहे हैं। चुने हुए जनप्रतिनिधियों के बजाय जनता की ओर से नकारे और हारे हुए कांग्रेसी नेताओं को तवज्जो दी जा रही है।