ट्रेनिंग में नहीं आने वाले शिक्षकों पर शिक्षा विभाग बड़ी कार्रवाई करेगा। शिक्षा विभाग के प्रशिक्षण कार्यक्रमों में शामिल नहीं होने वाले शिक्षकों की इंक्रीमेंट रोकी जाएगी। प्रशिक्षण कार्यक्रमों की अनदेखी करने वाले शिक्षकों की सर्विस बुक में भी इसका उल्लेख होगा।
एक ही शिक्षकों को बार-बार प्रशिक्षण के लिए भेजने पर भी रोक लगा दी गई है। संयुक्त निदेशक उच्च शिक्षा ने बताया कि शिक्षा में गुणवत्ता लाने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम किए जाते हैं। इन कार्यक्रमों की अनदेखी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
शिक्षा विभाग प्रति वर्ष विभिन्न विषयों के शिक्षकों के लिए साल भर प्रशिक्षण कार्यक्रम करवाता है। विभाग के पास शिकायतें पहुंची है कि कई शिक्षक ड्यूटी लगने के बाद भी इन कार्यक्रमों में शामिल नहीं होते हैं। कई जिलों से बार-बार एक ही शिक्षक हर प्रशिक्षण कार्यक्रम में आ रहे हैं।
इन शिकायतों को देखते हुए विभाग ने अब प्रशिक्षण कार्यक्रमों की अनदेखी करने वाले शिक्षकों के खिलाफ शिकंजा कसने का फैसला लिया है। उधर, पीजीटी अंग्रेजी को 8 से 13 अक्तूबर तक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
एससीईआरटी सोलन में होने वाले इन कार्यक्रम में बिलासपुर, किन्नौर, शिमला, सोलन, सिरमौर और ऊना जिलाें के शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। उच्च शिक्षा निदेशालय ने इन जिलों के उपनिदेशकों से 27 सितंबर तक प्रशिक्षण में शामिल होने वाले शिक्षकों की सूची भेजने को कहा है।