शिमला शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। हिमाचल प्रदेश की राजधानी के मालरोड पर रानी झांसी पार्क में बनी नगर निगम की टेस्ट लैब आखिरकार शुरू हो गई है। शहरवासी अब 24 तरह के टेस्ट सस्ती दरों पर करवा सकते हैं। लोगों को निजी लैब में जाकर टेस्ट करवाने की जरूरत नहीं रहेगी। नगर निगम प्रशासन के अनुसार सुबह 9:30 से दोपहर 12:00 तक लैब में आकर लोग अपने टेस्ट करवा सकते हैं। दोपहर 2:00 बजे के बाद लैब में ही इनकी रिपोर्ट भी मिल जाएगी। लोगों को सस्ती टेस्ट सुविधा देने के लिए आईजीएमसी अस्पताल की तर्ज पर ही रेट तय किए गए हैं। बीते हफ्ते सैंपलिंग लेकर टेस्ट की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
अब मंगलवार से इस लैब में रूटीन टेस्ट शुरू हो जाएंगे। नगर निगम ने शहर में करीब पांच साल बाद टेस्ट लैब खोली है। दो महीने पहले शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज से इस लैब का उद्घाटन करवाया गया था। हालांकि, बाद में टेस्ट के लिए जरूरी केमिकल न होने के कारण इसे बंद रखा गया। अब पूरा सामान आ चुका है। ऐसे में टेस्ट की सुविधा भी शुरू कर दी गई है। निगम प्रशासन ने टेस्ट लेने के लिए यहां फार्मासिस्ट और अन्य कर्मचारियों की तैनाती की है। नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. चेतन चौहान ने बताया कि लैब में रूटीन टेस्ट शुरू कर दिए गए हैं। लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। सस्ती दरों पर नगर निगम टेस्ट की सुविधा दे रहा है।
इन प्रमुख टेस्ट की मिलेगी सुविधा
टेस्ट रेट
एलएफटी 110 रुपये
एचडीएल 170 रुपये
एलडीएल 170 रुपये
यूरिक एसिड 45 रुपये
क्रेटनाइन 45 रुपये
कोलेस्ट्राल 60 रुपये
विडाल 110 रुपये
ब्लड ग्रुपिंग 25 रुपये
लिपिड प्रोफाइल 220 रुपये
ब्लड शुगर 35 रुपये
बीटीसीटी 25 रुपये
कंपलीट हीमोग्राम 110 रुपये
एचबीएआईसी 350 रुपये
एसजीओटी 35 रुपये
एसजीपीटी 35 रुपये