प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय अब 60 हजार शिक्षकों के साथ सीधा संवाद करेगा। कागजी कार्रवाई में होने वाली देरी पर संज्ञान लेते हुए प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करना शुरू किया है।
निदेशालय ने एसएमएस सेवा शुरू की है। इसके तहत प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय के निर्देशों को शिक्षकों के मोबाइल फोन में एसएमएस के माध्यम से भेजा जाएगा। जिला उपनिदेशकों और ब्लॉक अफसरों को मेसेज भेज कर नई व्यवस्था की शुरुआत कर दी गई है।
शिक्षकों का रिकॉर्ड एकत्र किया जा रहा है। एक महीने में ब्योरा एकत्र कर पूरे विभाग में एसएमएस से निर्देश भेजने की व्यवस्था होगी। इसके तहत उपनिदेशकों, ब्लॉक अफसरों सहित शिक्षकों की विभिन्न श्रेणियों के ग्रुप बनाए जाएंगे।
संबंधित ग्रुपों से जुड़े निर्देश और जानकारी मोबाइल फोन पर भेजी जाएगी। उपनिदेशकों को भी मेसेज आगे भेजने की शक्तियां दी जाएंगी। संबंधित व्यक्ति के पास मेसेज पहुंचा है या नहीं। इसकी जानकारी भी निदेशालय को फौरन मिल जाएगी। शिक्षा निदेशालय में बैठे अफसर इस पूरी प्रक्रिया पर कंप्यूटर सिस्टम से पोर्टल के माध्यम से नजर रख सकेंगे।