रिज के धंस रहे हिस्से से खाली करवानी हैं दुकानें
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। ऐतिहासिक रिज मैदान पर पदमदेव परिसर से सटे इलाके में भूस्खलन की जद में आई दुकानें खाली करने का मामला लटक गया है। नगर निगम ने 9 जुलाई को इन दुकानों को खाली करने के आदेश दिए थे।
सात दिन के भीतर दुकानदारों को यह दुकानें खाली कर तोड़ने को कहा था। लेकिन हालत यह है कि 10 दिन बाद भी नगर निगम इस क्षेत्र को खाली करवाना तो दूर, नोटिस तक जारी नहीं कर पाया। दुकानदार कह रहे हैं कि उन्हें दुकानें खाली करने का कोई लिखित नोटिस नहीं आया है। ऐसे में ज्यादातर दुकानें पहले की तरह ही चल रही हैं। यह दुकानें पदमदेव परिसर स्थित नगर निगम दफ्तर से महज 30 मीटर की दूरी पर है। नगर निगम ने इस क्षेत्र को असुरक्षित घोषित किया है। जमीन पर पड़ी दरारें और हो रहे धंसाव को देखते हुए इसे तुरंत खाली करने को कहा है। लेकिन यह खाली तब होगा जब नगर निगम नोटिस जारी करेगा। इस क्षेत्र में करीब एक दर्जन से ज्यादा दुकानें चल रही हैं। इनमें कई ढाबे, सैलून आदि शामिल हैं।
कौन देगा नोटिस, अभी यही तय नहीं
दुकानें खली करने का यह नोटिस कौन जारी करेगा, इस पर भी निगम की दो शाखाएं आमने सामने हैं। संपदा शाखा का कहना है कि यह मामला अवैध निर्माण से जुड़ा है। ऐसे में वास्तुकार शाखा ही इस पर कार्रवाई करेगी और नोटिस देगी। दूसरी ओर वास्तुकार शाखा का कहना है कि यह मामला दुकानों से जुड़ा है। ऐसे में दुकानें खाली करना और नोटिस जारी करने का काम संपदा शाखा का है। वास्तुकार शाखा सिर्फ आदेश मिलने पर तोड़ने का काम करेगी।