देर शाम तक परेशान होते रहे मरीज और तीमारदार
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) की निजी क्रस्ना लैब में शुक्रवार को मरीजों के टेस्ट नहीं हो पाए। यह लैब सरकार ने टेस्ट के लिए अधिकृत कर रखी है। इसमें सस्ते और सरकार की ओर से तय मुफ्त टेस्ट होते हैं।
लैब का सर्वर ठप होने से यह दिक्कत पेश आई। चिकित्सकों से चेकअप करवाने के बाद मरीज यहां टेस्ट करवाने पहुंचे थे लेकिन सर्वर ठप होने की बात कहकर सैंपल लेकर आए मरीजों को लौटा दिया। कई तीमारदार व्यवस्था ठीक होने तक लैब के बाहर जमीन पर बैठकर इंतजार करते रहे लेकिन देर शाम तक राहत नहीं मिल पाई। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) में दोपहर बाद यह मामला सामने आया है। ओपीडी के साथ आपातकालीन वार्ड में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने पर्चियों पर मरीजों को लिवर, किडनी, शुगर और थॉयराइड समेत कई प्रकार के टेस्ट करवाने को कहा था। मरीज टेस्ट करवाने निजी क्रस्ना लैब पहुंचे लेकिन यहां सर्वर ठप होने की बात कहकर मरीजों को लौटा दिया गया।
इसके बाद मरीज और उनके तीमारदार परेशान हो गए। देखते ही देखते कुछ देर में यहां पर लंबी लाइन लग गई। देर शाम तक यही व्यवस्था देखने को मिली। तीमारदार अमित, हुकूम सिंह और वीना देवी ने बताया कि अगर सर्वर ठीक नहीं हुआ तो मरीज को काफी दिक्कतें पेश आ सकती हैं। उन्होंने कहा कि जल्द यह समस्या ठीक की जाए। आईजीएमसी में हर रोज करीब 3000 से अधिक मरीज उपचार करवाने आते हैं।