कानूनी लड़ाई से दूर रहे कर्मचारियों को राहत नहीं खास खबर संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) शिमला में वरिष्ठता और पदोन्नति से जुड़े विवादों में सभी कर्मचारियों को एक समान लाभ नहीं मिलेगा। इसमें जिन कर्मचारियों ने अपने अधिकारों के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया था उन्हें न्यायालय के फैसले के अनुसार लाभ मिलेगा।
प्रदेश सरकार के कार्मिक विभाग ने छह नवंबर को जारी निर्देशों में इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट के फैसले का हवाला दिया है। इसमें स्पष्ट किया है कि सेवा संबंधी मामलों में समय पर अदालत पहुंचने वाले कर्मचारियों और कानूनी कार्रवाई नहीं करने वाले कर्मचारियों के दावों को एक समान नहीं माना जा सकता। ऐसे कर्मचारियों को कानूनी भाषा में फेंस-सिटर्स कहा जाता है। एचपीयू के कुलपति महावीर सिंह ने अधिसूचना जारी कर प्रदेश सरकार के इन निर्देशों को विश्वविद्यालय में लागू करने की मंजूरी दे दी है। इसके तहत संबंधित शाखाओं को प्रत्येक कर्मचारी के मामले की अलग-अलग जांच करनी होगी। इसमें यह देखा जाएगा कि संबंधित कर्मचारी न्यायिक फैसले के दायरे में आता है या नहीं और वह उसके लाभ का पात्र है या नहीं। सरकार ने निर्देश दिए हैं कि वरिष्ठता और पदोन्नति से संबंधित मामलों की समीक्षा के बाद जारी किए जाने वाले अंतिम आदेश प्रशासनिक विभाग के सचिव स्तर से अनुमोदित होने चाहिए। ऐसा नहीं होने की स्थिति में संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।