बर्फबारी देखने मैदानी इलाकों से शिमला आने वाले पर्यटकों के लिए उत्तर रेलवे दिसंबर से दो नई विशेष ट्रेनें चलाएगा। हॉलीडे स्पेशल नाम से चलने वाली इन ट्रेनों के बाद शिमला -कालका के बीच रेल गाड़ियों की संख्या बढ़कर आठ हो जाएगी।
इस समय कुल छह ट्रेनें इस ट्रैक पर चल रही हैं जिनमें से 15 सीटों वाली रेल कार के अलावा अन्य सभी बड़ी ट्रेनें हैं। शिमला-कालका के बीच करीब छह घंटे के सफर का लुत्फ लेने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं।
नवंबर माह में ऑफ सीजन की वजह से पर्यटकों की आमद कम है। कालका से सुबह साढ़े चार बजे के बाद से रेल सुविधा उपलब्ध है, जबकि शिमला से शाम छह बजे आखिरी रेल कालका के लिए निकलती है।