मंडी से कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह ने रविवार को पांगणा से प्रचार अभियान शुरू किया। इसके बाद सुंदरनगर हलके के दूरदराज क्षेत्र बाढू, रोहांडा, सेगल, धारला, सारचा, बाढू रोआड़ा का दौरा किया।
इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से लोकसभा चुनावों में उन्हें वोट देने की अपील की। इस दौरान बाढू रोहाड़ा की प्रधान दुर्गी देवी तथा पूर्व बीडीसी सदस्य तारा चंद प्रतिभा सिंह तथा मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर के समक्ष कांग्रेस में शामिल हुए।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि जब भी कांग्रेस सरकार केंद्र तथा प्रदेश में होती है। विकास होता है। भाजपा केवल वोटों की राजनीति करती है और सत्ता संभालने के बाद आम जनता का दुख दर्द भूल जाती है।
प्रदेश तथा देश में मोदी की कोई लहर नहीं है, यह लहर केवल भाजपा के नेताओं के लिए है। आम जनता में मोदी नाम की कोई लहर नहीं है। केंद्र सरकार के अलावा प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने भी प्रदेश में विकास कार्यों के साथ साथ प्रदेश हित में कई जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू की है।
कांग्रेस सरकार वोटों की राजनीति नहीं करती है। जो वायदे कांग्रेस जनता के साथ करती है, उन्हें पूरा भी करती है। इस मौके पर मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर ने भी जनता को संबोधित किया।
इस मौके पर मार्केट कमेटी मंडी के चेयरमैन हरेंद्र सेन, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत शर्मा, महासचिव एडवोकेट चुनी लाल अवस्थी, जिला परिषद सदस्य संतराम वर्मा, डुमट बैहली के प्रधान तुला राम चौहान, प्रेसी पंचायत प्रधान रमा देवी तथा वार्ड सदस्य श्यामा देवी मौजूद रहे।
प्रतिभा के लिए कौल ने मांगे वोट
स्वास्थ्य एवं राजस्व मंत्री ने द्रंग विधानसभा क्षेत्र की शिवा, घ्राण पंचायत के कई गांवों में जाकर कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह के पक्ष में वोट मांगे। बही मासड़, चिना काड़ी, सिलहा सपरेई में पैदल गांव- गांव जाकर लोगों से वोट देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के समय विकास ठप हो गया था। कांग्रेस ने सत्ता में आते ही थोक में विकास कार्य शुरू किए। सभी गांव को सड़कों से जोड़ा गया। पीने की पानी की समस्या को हल किया जाएगा।
कांग्रेस सरकार के समय 70 प्रतिशत महिलाओं को मनरेगा में रोजगार मिला है। यूपीए की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने महिलाओं के मान सम्मान बढ़ाया है। अप्रैल से साल में 150 दिन मनरेगा में कार्य मिलेगा।
प्रदेश सरकार 80 वर्ष से अधिक आयु की महिला को एक हजार रुपये हर माह पेंशन देगी। इस मौके पर द्रंग कांग्रेस अध्यक्ष जोगिंद्र गुलेरिया, महामंत्री पदम ठाकुर, जगर सकलानी, देवेंद्र ठाकुर, देवी दयाल, ठाकुर दास भंडारी, शेर सिंह ठाकुर, देश राज सोनी आदि मौजूद थे।