दूसरे राज्यों से हिमाचल सीमा में दाखिल हो रहे हिमाचलियों को डीजीपी सीताराम मरडी ने आरोग्य ऐप में सही जानकारी देने के लिए कहा है। डीजीपी ने सोमवार को वीडियो बयान जारी कर कहा कि हिमाचल सीमा में दाखिल होने वाले हर व्यक्ति को आरोग्य ऐप अपलोड कर उसमें सही जानकारी दर्ज करनी होगी। ऐसा न करने पर अगर किसी भी तरीके से पुलिस को जानकारी मिली तो उस व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कहा कि प्रधानमंत्री और डब्ल्यूएचओ ने कोरोना वायरस के लंबे समय तक रहने की बात कही है।
ऐसे में लोग दैनिक क्रियाकलाप में एक-दूसरे से दो गज की शारीरिक दूरी बनाएं और सार्वजनिक स्थान पर हमेशा मास्क लगाए रखें। डीजीपी ने कहा कि लगातार अपील के बाद भी अब जो लोग मास्क नहीं लगा रहे हैं, उन्हें थाने ले जाकर आदर्श नागरिक बनने का पाठ पढ़ाया जाएगा। उन्होंने आंध्रप्रदेश के विजयवाड़ा में ताश खेलने के दौरान एक संक्रमित व्यक्ति की ओर से 40 लोगों को संक्रमित करने का उदाहरण दिया, कोई भी ग्रुप वाला खेल या काम न करें। बुजुर्ग व्यक्तियों का ध्यान रखने की भी अपील की। कहा कि जिन्होंने जिंदगी भर आपका ध्यान रखा है। अब उनका कर्ज चुकाने का समय है।