पैदल सफर करने वाले यात्रियों को मिली राहत, एनएच ने हटाई बर्फ
युद्धस्तर पर शुरू हुआ अब मार्ग के दोनों ओर से बर्फ हटाने का काम
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। भारी बर्फबारी के बाद बंद नेशनल हाईवे-305 सोझा तक छोटे वाहनों के लिए खुल गया है। शनिवार को यात्री छोटे वाहनों से बंजार और घियागी से सोझा पहुंचे। बाह्य सराज की तरफ से आने वाले लोगों को भी पांच किलोमीटर पैदल चलने से राहत मिली।
एनएच अथॉरिटी ने स्नो कटर से बर्फ हटाकर हाईवे को बहाल किया है। अब मार्ग के दोनों ओर से बर्फ हटाने का कार्य शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि एक-दो दिन में आनी की ओर से भी छोटे वाहन जलोड़ी दर्रा पहुंचेेंगे। हालांकि, हाईवे को पूरी तरह खुलने में अभी समय लगेगा। सोझा तक हाईवे को बहाल करने से एनएच अथॉरिटी ने भी राहत की सांस ली है। करीब दो सप्ताह से बंद हाईवे के चलते एनएच पर आम लोगों के साथ प्रशासन का भी दबाव था। मोहन लाल, होशियार सिंह, खेमराज, नोक सिंह, भगवान दास, नरोत्तम सिंह, राजू तथा दीवान ने कहा कि सोझा तक सड़क के खुलने से जिला मुख्यालय कुल्लू आना-जाना आसान हो गया है। अब लोगों को पांच किलोमीटर का पैदल सफर नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने जिला प्रशासन और एनएच अथॉरिटी से औट-बंजार-सैंज हाईवे 305 को भी जल्द बहाल करने की अपील की है। एनएच के अधिशासी अभियंता किशोरी लाल सुमन ने कहा कि हाईवे को साफ करने का काम एक सप्ताह से चल रहा है। बर्फ अधिक होने से समय लग रहा है।