फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

730 पंचायतों को मिले नए प्रधान, एक में बैलेट पेपर चोरी

विज्ञापन
विज्ञापन
हिमाचल में नए साल के पहले दिन शुक्रवार को प्रदेश की 730 पंचायतों को नए प्रधान, उपप्रधान और वार्ड पंच मिले। पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के पहले दौर में 75 से 80 फीसदी तक मतदान हुआ। हालांकि, 732 पंचायतों में वोटिंग हुई, लेकिन एक पंचायत में मतदान रद्द कर दिया गया और एक में परिणाम रोका गया है।
विज्ञापन


जिला परिषद और ब्लॉक समिति सदस्यों का परिणाम सात जनवरी को विकास खंड मुख्यालयों में घोषित किया जाएगा। राज्य निर्वाचन आयुक्त टीजी नेगी ने शिमला में मीडिया को बताया कि जिला शिमला के जुब्बल की भड़ाल पंचायत के वार्ड नंबर तीन में 29 बैलेट पेपर चोरी होने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने यहां चुनाव रद्द कर दिया है। अब इस पंचायत में 5 जनवरी को नए सिरे से मतदान होगा।

आयुक्त ने बताया कि ननखड़ी ब्लॉक की खमाड़ी पंचायत में 4636701 से लेकर 4636750 सीरीज का एक बंडल गायब पाया गया है। पंचायत की मतगणना रोक दी है। अगर मतपेटियों में इस सीरीज के बेलट पेपर पाए गए तो यहां भी चुनाव रद्द कर नए सिरे से कराया जाएगा। इसकी जांच जारी है। दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज करवाई गई है।
विज्ञापन

चुराए बैलेट पेपर से कर रहा था वोटिंग

राज्य निर्वाचन आयुक्त टीजी नेगी ने शिमला में मीडिया को बताया कि भड़ाल पंचायत के वार्ड तीन में जब मतदान कर्मचारी पोलिंग स्टेशन स्थापित कर रहे थे तो स्थानीय निवासी मोहन सिंह ने 29 बैलेट पेपर उठा लिए और वोट डालने चला गया। जैसे ही वह चुराए गए बैलेट पेपर से फर्जी वोट डाल रहा था तो उसे मतदान कर्मियों ने पकड़ लिया।

आरोपी से 22 बैलेट पेपर बरामद कर लिए हैं जबकि सात गायब हैं। कर्मचारियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और मौके पर ही व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया। आयोग ने जुब्बल थाना में मामला दर्ज कराया है। इस मामले में और कौन-कौन संलिप्त है इसका जांच के बाद पता चलेगा।

3 जनवरी को 790 पंचायतों में होगा चुनाव
आयुक्त टीजी नेगी ने बताया कि 3 जनवरी को प्रदेश की 790 जबकि 5 जनवरी को 754 पंचायतों में मतदान होगा। इसके लिए पोलिंग पार्टियां मौके पर पहुंच गई हैं।

नगर निकाय प्रत्याशियों को मिले चुनाव चिन्ह

वहीं, नगर निकाय चुनावों में भाग ले रहे प्रत्याशियों को शुक्रवार को चुनाव चिन्ह आवंटित हुए। प्रदेश की 29 नगर परिषदों और 23 नगर पंचायतों में 10 जनवरी को मतदान होना है। इसी दिन परिणाम भी घोषित हो जाएंगे।

प्रदेश की 52 शहरी निकायों में चुनाव होने हैं। इनमें 2,79,870 मतदाता हैं। जिन शहरी निकायों में चुनाव होने हैं उनमें 446 वार्ड हैं। नगर निकायों में ईवीएम के जरिए मतदान होगा। इसके लिए 950 ईवीएम की व्यवस्था की गई है।

निकाय चुनावों के लिए 499 पोलिंग स्टेशन स्थापित किए गए हैं। 1784 कर्मचारियों और 892 सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी चुनाव के लिए लगाई गई है। मतदाता नोटा का भी इस्तेमाल कर सकेंगे।

बैलेट पेपर चोरी प्रदेश के इतिहास में पहली घटना : धूमल

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल ने जिला शिमला में पंचायत चुनावों के दौरान दो स्थानों पर बैलेट पेपर जबरदस्ती ले जाने की घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के इतिहास में पहली बार हुआ है और बिगड़ती कानून व्यवस्था का प्रत्यक्ष उदाहरण है।

पिछले तीन वर्षों में राजनैतिक फायदों के लिए पुलिस प्रशासन का जिस तरह से दुरुपयोग किया जा रहा है उससे असमाजिक तत्व व अपराधी बेलगाम हो चुके हैं और यही वजह है कि उनकी हिम्मत इस कदर बढ़ चुकी है कि इस घटना को भी अंजाम दे दिया। इस घटना की जितनी कड़े शब्दों में निंदा की जाए उतनी कम है।

धूमल ने कहा कि सरकार को इस घटना की जांच करते हुए दोषियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्यवाही करने की आवश्यकता है क्योंकि यह अपने आप में बहुत बड़ी घटना है। इस घटना के पश्चात सरकार को भी अपना आत्म विश्लेषण करने की जरूरत है कि उसे सत्ता में रहने का अधिकार है कि नहीं।
विज्ञापन

दूसरे चरण के मतदान के लिए थमा प्रचार

तीन जनवरी को होने वाले पंचायत चुनाव के लिए चुनाव प्रचार शुक्रवार को थम गया। रविवार को सुबह सात बजे मतदान शुरू होगा और यह दोपहर बाद तीन बजे तक चलेगा। हिमाचल प्रदेश की सैकड़ों ग्राम पंचायतों में ग्राम पंचायतों के प्रधानों, उपप्रधानों और वार्ड सदस्यों के अलावा न तो जिला परिषद और न ही पंचायत समिति के सदस्य प्रचार कर सकेंगे।

दूसरे चरण का आखिरी मतदान पांच जनवरी को होगा। मतदान की प्रक्रिया वाले दिन निर्धारित समय पूरा होने से 48 घंटे पहले प्रचार बंद करना होता है। ऐसा नहीं करने पर ये चुनाव आचार संहिता की अवहेलना मानी जाएगी। पोलिंग पार्टियों को दो जनवरी को मतदान केंद्रों में पहुंचकर अलग-अलग कंपार्टमेंट बनाने होंगे।

पंचायत समितियों और जिला परिषदों के अलग बॉक्स होंगे, जबकि ग्राम पंचायत प्रधानों, उपप्रधानों और वार्ड सदस्यों के लिए अलग बक्से होंगे। इन्हीं में मतदान के बाद मतपत्र डालने होंगे। प्रदेश में दूसरे चरण में 192 जिला परिषद सदस्यों, 1280 पंचायत समिति सदस्यों, 2436 प्रधानों, उपप्रधानों और 15,438 ग्राम पंचायत सदस्यों के लिए मतदान होगा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें