हिमाचल प्रदेश में बुधवार को कोरोना वायरस का एक और मामला सामने आया है। देर रात आई रिपोर्ट के अनुसार नया मामला सिरमौर जिले से संबंधित है। कोरोना संक्रमित जिला सोलन के नालागढ़ स्थित माजरी का निवासी है। मरीज पहले सिरमौर जिले की लोहगढ़ मस्जिद में रहा रहा था। लेकिन लॉकडाउन के बाद इसे पांवटा साहिब में 35 जमातियों के साथ क्वारंटीन केंद्र में भर्ती किया गया। इसके साथ ही अब प्रदेश में कोरोना पॉजिटिव केसों की संख्या 28 पहुंच गई है। इनमें एक की मौत हो चुकी है जबकि दो ठीक हो गए हैं। वहीं, चार मरीज इलाज के लिए दिल्ली शिफ्ट हो चुके हैं। अब प्रदेश में कोरोना के कुल 21 एक्टिव केस हैं और ये सभी जमाती और उनके संपर्क में आने वाले हैं। बुधवार को कोविड-19 के लिए 128 व्यक्तियों की जांच की गई, जिसमें से 127 सैंपल निगेटिव पाए गए और एक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य आरडी धीमान ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि प्रदेश में कोरोना वायरस के लिए अभी तक 662 व्यक्तियों की जांच की जा चुकी है।
जमातियों के कारण बढ़ रहे मामले
वहीं, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य में दिल्ली की निजामुद्दीन तब्लीगी जमात के कोरोना वायरस के लक्षणों वाले व्यक्तियों का पता लगाने पर विशेष बल दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन जमातियों के नजदीकी लोगों का भी पता लगाया जाए। उन्होंने चिंता जताई कि इसके कारण देश और प्रदेश में कोरोना वायरस के मामले दिन-प्रतिदिन बढ़ते जा रहे हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में अब तक कोरोना वायरस को लेकर 4855 व्यक्तियों को निगरानी में रखा गया है, जिसमें से 2387 व्यक्तियों ने 28 दिनों की निगरानी अवधि पूरी कर ली है।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि हिमाचल में जितने भी कोरोना वायरस के एक्टिव मामले हैं, सभी जमातियों से संबंधित हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे किसी भी तरह की चिंता न करें। सरकार ने हिमाचल प्रदेश में कोरोना वायरस के संक्रमण से निपटने के तमाम इंतजाम कर लिए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले मामले बढ़ने के बाद सरकार पूरी तरह से सतर्क है। लोगों को किसी भी तरह से चिंता करने की जरूरत नहीं है। सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश भर में सरकार का वायरस के मरीजों के संपर्क में आए लोगों को ढूंढने का अभियान चलाए हुए है।