चिट्टा तस्करी के मामले में पकड़े दो सगे भाइयों पर पुलिस ने कसा शिकंजा, शिमला में बेचते थे सफेद जहर
विज्ञापन
एक माह में ही 22 लाख रुपये का हुआ है लेनदेन अमर उजाला ब्यूरो शिमला। कुरकुरे और दूध के खाली पैकेट में चिट्टा छिपाकर बेचने वाले गिरोह की जांच में कई बड़े खुलासे हुए हैं। पुलिस की जांच में सामने आया है कि गिरोह के सरगना दोनों भाई न ही कोई नौकरी करते हैं और न ही कोई कारोबार। इसके बावजूद उनके बैंक खातों में लाखों रुपये का लेनदेन पाया गया है।
20 वर्षीय विशाल के बैंक खातों की जांच में पता चला है कि एक महीने में उसके खाते में 22 लाख रुपये का लेनदेन हुआ है। इसके अलावा आरोपियों के पास दो लग्जरी गाड़ियां भी हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों के बैंक खातों की जांच में तीन महीने में 1.25 करोड़ रुपये का लेनदेन पाया है। अब पुलिस आरोपियों की वित्तीय जांच करके इनकी नशे से अर्जित संपत्तियों को चिह्नित करके संबंधित प्राधिकरण से मंजूरी के बाद जब्त करने की प्रक्रिया शुरू करेगी। दोनों आरोपियों की उम्र 20 और 27 साल के बीच है। जांच में पता चला है कि आरोपी लंबे समय से डिस्ट्रीब्यूटर रवि अहिरवार के जरिये लंबे समय से शिमला के लिए चिट्टे की तस्करी कर रहे थे।
विज्ञापन
करोड़ों का बैंक लेनदेन सामने आने के बाद पता चला है कि आरोपियों ने बड़ी संख्या में युवाओं तक नशा पहुंचाकर उनकी जिंदगी को बर्बाद करने कोशिश है। पुलिस अब आरोपियों के एक साल के बैंक खातों की डिटेल को बैंकों से प्राप्त कर उसका विश्लेषण करके इस पूरे मामले में हुए संदिग्ध लेनदेन का पता लगाने में जुट गई है। नशा तस्करी के सभी मामलों में वित्तीय जांच की जा रही है जिससे की नशे से अर्जित संपत्ति को कब्जे में लेकर समाज में सकारात्मक संदेश दिया जा सके कि नशे की कमाई पर किस तरह से कार्रवाई होती है।
यह है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार फरवरी में उस समय यह मामला सामने आया था कि जब शिमला में अविनाश चौहान के कब्जे से सात ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने विशाल यादव और उसके भाई जय प्रकाश यादव को भोजपुर बिहार से गिरफ्तार किया। मामले की गहन जांच, डिजिटल साक्ष्यों, बैंकिंग लेनदेन और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर हाल ही में गिरोह के मुख्य डिस्ट्रीब्यूटर रवि अहिरवार (21) निवासी छतरपुर मध्य प्रदेश को गिरफ्तार किया गया। रवि को नशे की तस्करी के लिए 10 से 30 फीसदी तक कमीशन मिलता था। पिछले एक साल में वह करीब 50 बार शिमला आकर नशे की डिलीवरी कर चुका है। पुलिस ने जब विशाल के मोबाइल की गहनता से पड़ताल की तो इस गिरोह के लोकेशन बेस्ड नेटवर्क का पता चला। इसके मोबाइल में कई वीडियो मिले हैं जिसमें नशे को झाडि़यों और आसपास के सुनसान जगहों पर छिपाकर रखा गया है।
एएसपी अभिषेक ने बताया कि 20 और 27 साल की उम्र में आरोपियों के बैंक खातों में लाखों रुपये का लेनदेन मिला है। आरोपी न ही कोई काम करते हैं और न किसी तरह का कारोबार। मुख्य आरोपी के बैंक खाते में एक महीने में 22 लाख रुपये का लेनदेन पाया गया है। इसके अलावा लग्जरी गाड़ियां भी खरीदी हैं। पुलिस का साफ संदेश है कि नशा बेचकर युवाओं की जिंदगी बर्बाद करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।