कोरोना वायरस से पूरे विश्व में दहशत का माहौल है। वायरस से बचने के लिए प्रदेश सरकार ने कर्फ्यू भी लगाया गया है। इस बीच कई दिहाड़ीदार मजदूरों की परेशानी बढ़ गई है, जो रोजाना कमा कर अपने परिवार का पालन पोषण करते है। ऐसे में राहत की खबर है कि छह दिन से कुल्लू जिला मुख्यालय के सुल्तानपुर में अपने घर में होम क्वारंटीन पर रह रहे एक नेवी अफसर अब गरीब लोगों की मदद को आगे आए हैं।
वह 31 मार्च तक होम क्वारंटीन पर रहेंगे। इसकेे बाद वह प्रवासी मजदूरों और गरीब लोगों की आर्थिक रूप से मदद करेंगे पहले चरण में वह इस काम को नगर परिषद कुल्लू के वार्ड नंबर चार अप्पर सुल्तानपुर से करेंगे। जापान से ओमान के बीच हिंद महासागर में चलने वाले भारतीय नेवी के जहाज में तैनात नेवी अफसर आदित्या गौतम ने कहा कि वह एहतियात के तौर पर 19 मार्च से अपने घर पर क्वारंटीन पर हैं।
वह क्वारंटीन होने के बाद दिहाड़ीदार मजदूर, ड्राइवर, सफाई कर्मी, पेंटर, मिस्त्री आदि वर्ग के लोगों को वह आर्थिक रूप से मदद करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस एक खतरनाक और जानलेवा बीमारी है। वह चाहते हैं कि सभी लोग घर में रहें। जो गरीब तबका है उसे घर से बाहर न जाना पड़े, ऐसे में वह उन्हें आर्थिक रूप से मदद करना चाहते हैं।