राष्ट्रीय खेलों में हिमाचल के मुक्केबाज किन्नौर निवासी आशीष नेगी गोल्ड से एक कदम दूर हैं। मंगलवार को उन्होंने सेमीफाइनल में महाराष्ट्र के रूपकेश को हराकर अपना रजत पदक पक्का करते हुए फाइनल में प्रवेश किया। बुधवार को गोल्ड के लिए अब उनकी टक्कर आर्मी के मुक्केबाज चिराग के साथ होगी। वहीं, कुल्लू जिले के बंडोर निवासी आशीष ने कांस्य पदक जीत लिया है। ब्यूरो
गोवा में चल रहे राष्ट्रीय खेलों में प्रदेश की महिला हैंडबाल टीम खिताबी दौड़ में पहुंच गई है। मंगलवार को सेमीफाइनल मुकाबले में हिमाचल ने दिल्ली को 41-12 से मात देकर फाइनल में प्रवेश किया। मुकाबले में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भावना ने शानदार प्रदर्शन किया।
मेनिका, निधि शर्मा, मिताली, प्रियंका ठाकुर, शालिनी ठाकुर, गुलशन, भावना, संजना, दीपा, शैलजा शर्मा, कृतिका ने अपनी टीम के लिए गोल किए। कप्तान दीक्षा ठाकुर और चेतना ने बेहतरीन गोलकीपिंग कर टीम को जीत दिलाई। यह जानकारी कोच स्नेहलता ने दी। संवाद