हिमाचल की बेटी कंगना रणौत बड़े परदे की ‘क्वीन’ बन गई हैं। मायानगरी में इनके अभिनय का डंका बज गया है। बॉलीवुड में कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच बेस्ट एक्ट्रेस के नेशनल अवार्ड के लिए चुनीं गई कंगना ने साबित कर दिया है कि उनके अभिनय का फिलहाल कोई सानी नहीं। कंगना के लिए यह जन्मदिन का सबसे बड़ा तोहफा भी है। 23 मार्च को कंगना का जन्मदिन था। 24 को नेशनल अवार्ड की घोषणा हो गई।
इधर, बेस्ट एक्ट्रेस का नेशनल अवार्ड दिए जाने की सूचना मिलते ही मंडी के भांवला गांव में आतिशबाजी और पटाखे फूट पड़े। कंगना के घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया है। मंगलवार को अवार्ड मिलने की सूचना स्वयं कंगना के पिता अमनदीप ने दूरभाष से उन्हें दी है। कंगना इन दिनों तनु वेडस मनु रिटर्नस की शूटिंग में व्यस्त हैं। बताया जा रहा है कि तीन मई को राष्ट्रपति के हाथों कंगना को नेशनल अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।
छह साल पहले रखा था मायानगरी में कदम
करीब छह साल पहले कंगना ने 17 साल की उम्र में मायानगरी का रुख किया। आज उनका नाम सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्रियों में आता है। गैंगस्टर फिल्म ने कंगना को नए मकाम तक पहुंचाया। यह उनकी पहली हिट फिल्म रही। इस फिल्म में लीड रोल में थीं। फैशन, तनु वेड्स मनु सहित अब तक कई फिल्मों में कंगना मुख्य भूमिका निभा चुकी हैं।
कंगना को दूसरी बार नेशनल अवार्ड- कंगना को दूसरी बार नेशनल अवार्ड मिलने जा रहा है। 2010 में उनकी हिट फिल्म फैशन के लिए उन्हें बेस्ट स्पोर्टिंग एक्ट्रेस का अवार्ड मिल चुका है। हाल ही में उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के खिताब से भी नवाजा गया है।
डांस की शौकीन भी हैं कंगना
अभिनय के साथ-साथ कंगना को डांस का शौक भी है। स्कूल और कॉलेज स्तर पर कई प्रतियोगिताओं में कंगना ने अपने नृत्य का लोहा मनवाया है। संगीत सुनना भी उन्हें बेहद पसंद है।
दिल्ली में थियेटर के दौरान उन्होंने अरविंद गौड़ के मार्गदर्शन में अभिनय किया। कंगणा रणौत प्रशिक्षित कथक नृत्यांगना भी हैं। वह पिछले चार वर्षों से नाटेश्वर नृत्य कला मंदिर खार में राजेंद्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में कथक सीख रही हैं।
कंगना के पिता अमनदीप रणौत ने कहा कि बेटी को नेशनल अवार्ड जन्मदिन के अगले दिन तोहफे के रूप में मिला है। यह साल कंगणा के लिए भाग्यशाली साबित हो रहा है। मां आशा रणौत का कहना है कि आज बेटी बेटे से कम नहीं है। बेटी भी अपने मां बाप का नाम रोशन कर सकती है।