सिरमौर जिले के राजगढ़ उपमंडल के शरगांव का शिवान्या सांस्कृतिक दल अहमदाबाद के लिए रवाना हो गया है।
- फोटो : अमर उजाला
लागा ढोलो रा ढमाका, मेरा हिमाचल बड़ा बांका..। हिमाचल प्रदेश की अमिट संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य एवं रहन-सहन को दर्शाने वाले इस गीत पर सिरमौर के कलाकार नाटी पेश करेंगे। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस नाटी के साक्षी बनेंगे। मौका होगा गुजरात की राजधानी अहमदाबाद में 24 फरवरी को होने वाले नमस्ते ट्रंप..कार्यक्रम का।
लाखों लोगों की मौजूदगी में सिरमौर का शिवान्या सांस्कृतिक दल अहमदाबाद के मोटेरा स्टेडियम में हिमाचल की संस्कृति को दर्शाने वाली नाटी पेश करेगा। कार्यक्रम में डोनाल्ड ट्रंप हिमाचल संस्कृति से रूबरू होंगे। इसके लिए हिमाचल के राजगढ़ के सांस्कृतिक दल को अहमदाबाद का न्योता मिला है। राजगढ़ उपमंडल के शरगांव का शिवान्या सांस्कृतिक दल अहमदाबाद में नमस्ते ट्रंप कार्यक्रम का आगाज करेगा।
राजगढ़ उपमंडल के शिवान्या कला सांस्कृतिक मंच के संस्थापक और लोक कलाकार देवदत्त शर्मा ने बताया कि उनके नेतृत्व में सात लोगों का सांस्कृतिक दल अहमदाबाद के लिए रवाना हो गया है। हिमाचली लोकगीत लागा ढोल रा धमाका... पर उनका दल 5 मिनट की विशेष प्रस्तुति देगा। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय ने उनके मंच को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के स्वागत में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश की लोक संस्कृति को प्रस्तुत करने का न्योता दिया है।
मंच के कलाकार रविवार को वहां पहुंचेंगे। नाटी की वीडियो रिकार्डिंग पहले ही भेजी गई थी, उसे देखने के बाद कार्यक्रम निर्धारित किया गया। देवदत्त शर्मा ने बताया कि उनके नेतृत्व में मंच के सात कलाकार अरुण ठाकुर, वीरेंद्र कुमार, जगदेव, ममता चौहान, पूनम कुमारी और पायल कुमारी कार्यक्रम में भाग लेंगे।