6 अक्तूबर को एम्स में बंद रहेगी ओपीडी सेवाएं
वहीं एम्स बिलासपुर में 6 अक्तूबर को बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) की सेवाएं पूरी तरह बंद रहेंगी। एम्स के प्रस्तावित प्रथम दीक्षांत समारोह के आयोजन को देखते हुए आम जनता और मरीजों की सुविधा व सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है। इस दिन ओपीडी में मरीजों का पंजीकरण और चिकित्सीय परामर्श उपलब्ध नहीं होगा। एम्स के रजिस्ट्रार राकेश कुमार सिंह ने मरीजों और आम जनता से आग्रह किया है कि वे 6 अक्तूबर को नियमित जांच या चिकित्सीय परामर्श के लिए एम्स आने की योजना न बनाएं। स्वास्थ्य संबंधी नियमित आवश्यकताओं के लिए मरीज किसी अन्य दिन का समय निर्धारित कर एम्स पहुंचें, ताकि उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े। हालांकि, ओपीडी बंद रहने के बावजूद एम्स की आपातकालीन सेवाएं सामान्य दिनों की तरह संचालित रहेंगी।