अभी हाल में ही नाभा जेल कांड मामले में अपराधियों को भगाने वाले मुख्य गैंगस्टरों की लोकेशन हिमाचल के जिला चंबा के खजियार और पर्यटन नगरी डलहौजी के साथ लगते गांव बलेरा में ट्रेस की गई है। उनकी यह लोकेशन कॉल डिटेल्स के माध्यम से ट्रेस की गई है।
सूत्रों की मानें तो यह अपराधी स्विफ्ट डिजायर कार नंबर आरजे 31 सीए 6427 में डलहौजी की तरफ आए हैं। इनकी तलाश में पंजाब के आला पुलिस अधिकारी और जवान स्थानीय पुलिस के सहयोग से सघन तलाशी अभियान चला रहे हैं।
होटलों तथा अन्य स्थानों जहां इनके छिपने की संभावना हो सकती है, वहां तलाशी अभियान चलाया हुआ है। इस मामले में पुलिस कुछ भी कहना नहीं चाहती। गौरतलब है कि 27 नवंबर की सुबह पंजाब की नाभा जेल से पांच कैदी फरार हो गए थे।
बताया जाता है कि करीब दस हथियारबंद बदमाशों ने जेल में घुसकर फायरिंग की और खालिस्तान लिबरेशन फोर्स के चीफ समेत पांच कैदियों को अपने साथ ले गए थे। हालांकि, अगले ही दिन 28 नवंबर को दिल्ली पुलिस ने जेल से फरार हुए खालिस्तानी लिबरेशन फ्रंट के आतंकी हरमिंदर सिंह मिंटू को गिरफ्तार कर लिया था।
जेल ब्रेक में एक मददगार को यूपी के शामली से अरेस्ट किया गया था। पुलिस ने हमले में इस्तेमाल दो गाड़ियां भी बरामद कर ली थीं। इस मामले में जब चंबा के एसपी वीरेंद्र तोमर से बात की तो उन्होंने इस मामले में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।