प्रदेश में अब सूरज की रोशनी और ताप से सिंचाई का पानी खेतों - बगीचों के लिए लिफ्ट होगा। सोलर पंप खरीदने पर नाबार्ड सब्सिडी देगा। एक पंप की कीमत ढाई लाख से साढ़े तीन लाख तक होगी। सब्सिडी से ये कम होगी। इसके लिए हिम ऊर्जा कार्यालय में संपर्क करना होगा। इसी विषय पर नाबार्ड के प्रदेश क्षेत्रीय कार्यालय ने केंद्र सरकार की ओर से प्रायोजित सब्सिडी योजनाओं पर 26 जुलाई को एक दिवसीय कार्यशाला लगाई।
इसका आरंभ नाबार्ड के मुख्य महाप्रबंधक दीपक कुमार ने किया। इसमें भारतीय रिजर्व बैंक, संयोजक स्टेट लेवल बैंकर्स कमेटी, वाणिज्यिक बैंकों, ग्रामीण बैंक, राज्य सहकारी बैंक, केंद्रीय सहकारी बैंक, राज्य सहकारी कृषि और ग्रामीण विकास बैंक तथा सरकार के विभिन्न विभागों जैसे कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, ग्रामीण विकास विभाग और हिम ऊर्जा के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
कार्र्यशाला का मुख्य उद्देश्य बैंकों और अन्य हितधारकों को केंद्र की योजनाओं की जानकारी देना था। भारत सरकार के फ्लैगशिप कार्यक्रम सिंचाई के लिए सोलर पंप सेट और सोलर लाइटिंग पर विशेष चर्चा की गई।