हिमाचल के साढ़े अठारह लाख राशन कार्ड धारक परिवारों को डिपुओं में अब 89 रुपये में एक लीटर सरसों तेल मिलेगा। राज्य सरकार ने कंपनी को तेल सप्लाई के लिए ऑर्डर जारी कर दिया है। एक सप्ताह के भीतर सप्लाई पहुंचना शुरू हो जाएगी।
उपभोक्ताओं को बीते जून, जुलाई और अगस्त महीने में सरसों तेल का कोटा नहीं मिला है। उपभोक्ता अब तीनों महीनों का कोटा एक साथ ले सकेंगे। खाद्य आपूर्ति मंत्री जीएस बाली ने कहा कि टेंडर में देरी के चलते उपभोक्ताओं को सरसों तेल नहीं मिल पाया है।
पहले टेंडर में खामियां पाई गईं जबकि दूसरी बार टेंडर में रेट ज्यादा आ गए। ऐसे में टेंडर नहीं दिया गया। इस बार 99 रुपये 43 पैसे प्रति लीटर सरसों तेल का रेट आया है। इसमें प्रदेश सरकार सब्सिडी देकर उपभोक्ताओं को तेल उपलब्ध कराएगी। बाली ने बताया कि सब्सिडी के बाद उपभोक्ताओं को 89 रुपये प्रति लीटर सरसों तेल मिलेगा।