हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में भावानगर थाना के तहत 13 वर्षीय सातवीं कक्षा की छात्रा की हत्या का मामला सामने आया है। दिहाड़ी मजदूरी करने वाला आरोपी युवक हत्या कर उसे बेड बॉक्स में छिपाकर फरार हो गया था। मृतक छात्रा के हाथ पीछे को बांधे थे और मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था। पुलिस 24 घंटे के भीतर आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर यहां ले आई है। लुतुक्सा में रह रही नेपाली मूल की महिला ने बीते शनिवार को थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसकी नाबालिग बेटी को उसी का पड़ोसी सिक्किम का रहने वाला मनोज राही (23), निवासी देवरोली भगाकर ले गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर छात्रा की तलाश शुरू कर दी। शनिवार देर रात को ही ताला तोड़कर आरोपी के मकान मालिक के सामने किराये का कमरा खुलवाया गया। छानबीन के दौरान बेड बॉक्स खोला तो उसमें छात्रा मृत पड़ी थी।
मृतका के हाथ बंधे थे और मुंह में कपड़ा ठूंसा था। ऐसा इसलिए किया गया था ताकि पड़ोस में छात्रा की आवाज सुनाई न दे। पुलिस ने इस मामले को सामने नहीं आने दिया ताकि आरोपी सतर्क न हो जाए। पुलिस तहकीकात में आरोपी के मोबाइल फोन की लोकेशन दिल्ली आ रही थी। लिहाजा, एक पुलिस टीम को तुरंत दिल्ली भेजा गया। दिल्ली पुलिस को भी इस मामले से अवगत करवाया गया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। एसडीपीओ भावानगर राजू ने बताया कि पुलिस ने हत्या का मामला दर्जकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट ने आरोपी को 21 मई तक रिमांड पर भेजा है। आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली है। हालांकि, हत्या क्यों कि गई, इस बारे में अभी कोई खुलासा नहीं हुआ है। शिमला से फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। आईजीएमसी शिमला में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।